Nagpur News: सब्सिडी वाले यूरिया का उद्योग में खेल, कलमेश्वर की केमिकल कंपनी पर छापा, 28 बोरे जब्त - News Summed Up

Nagpur News: सब्सिडी वाले यूरिया का उद्योग में खेल, कलमेश्वर की केमिकल कंपनी पर छापा, 28 बोरे जब्त


Nagpur News किसानों के लिए सरकार द्वारा अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने वाले यूरिया खाद का औद्योगिक उपयोग करने का बड़ा मामला सामने आया है। कृषि विभाग की उड़नदस्ते की टीम ने कलमेश्वर स्थित एक केमिकल कंपनी पर छापा मारकर यूरिया खाद का अवैध भंडार जब्त किया। सूत्रों के अनुसार कृषि विभाग की टीम ने कलमेश्वर एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित एशियन केमिकल्स प्रा.लि. कंपनी पर कार्रवाई की। यह कंपनी आसिफ सलाट (52) की बताई जा रही है। छापे के दौरान यूरिया खाद के 28 भरे बोरे और 80 खाली बोरे बरामद किए गए।गुप्त सूचना पर कार्रवाई : कृषि विभाग को किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से सूचना मिली थी कि, कंपनी में सरकारी अनुदानित नीम-कोटेड यूरिया का बड़े पैमाने पर औद्योगिक उपयोग किया जा रहा है। इसके आधार पर नागपुर से करीब 25 किमी दूर स्थित कंपनी में सुबह करीब 7 बजे छापा मारा गया। जांच में पता चला कि, कंपनी ने 100 से अधिक यूरिया के बोरे औद्योगिक उपयोग के लिए जमा कर रखे थे। उड़नदस्ते की टीम ने पाया कि, इनका इस्तेमाल मेलामाइन और रेजिन उत्पादन के लिए बॉयलर में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। चर्चा है कि नागपुर एमआईडीसी में भी कुछ कंपनियों में इसी तरह की यूरिया का उपयोग किया जाता है।नमूने जांच के लिए भेजे : गुण नियंत्रण शाखा के अधिकारियों ने यूरिया की बोरियां और खाली पोते जब्त कर नमूने लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यह कार्रवाई निविष्ठा एवं गुण नियंत्रण संचालक सुनील बोरकर, विभागीय कृषि सहसंचालक उमेश घाटगे, मुख्य गुण नियंत्रण अधिकारी प्रवीण देशमुख तथा जिला कृषि अधीक्षक रवींद्र मनोहरे के मार्गदर्शन में की गई। कृषि विभाग के अनुसार बिना अनुमति सरकारी अनुदानित यूरिया का खेती के अलावा अन्य उपयोग प्रतिबंधित है। इस मामले में खाद नियंत्रण आदेश का उल्लंघन मानते हुए कलमेश्वर पुलिस थाने में आपराधिक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


Source: Dainik Bhaskar March 13, 2026 12:17 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */