पटना ब्यूरो:महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी पटना पूरी तरह शिवमय हो गई है। आधी रात के बाद से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो रविवार देर शाम तक जारी रहीं। मंदिरों के बाहर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।सबसे अधिक भीड़ खाजपुरा स्थित खाजपुरा शिव मंदिर, केसरी नगर के विजय राघव शिव मंदिर और बोरिंग रोड इलाके के शिव मंदिर बोरिंग रोड में देखने को मिली। शहर के अलग-अलग मोहल्लों से श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए इन मंदिरों में पहुंचते रहे।-रात 12 बजे से शुरू हो गई थी लाइनमहाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी थी। रात 12 बजे के बाद खाजपुरा शिव मंदिर के बाहर भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। सुबह 4 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोले गए, जिसके बाद से लगातार दर्शन-पूजन का सिलसिला चला। गौरी शंकर मंदिर बैकटपुर में श्रद्धालुओं की भीड़ रविवार रात्रि 11 बजे तक रहा। मंदिर प्रशासन के अनुसार रात 9 बजे तक हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों और स्थानीय प्रशासन की टीम तैनात रही। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था भी की गई।-खाजपुरा शिव मंदिर में अद्भुत संगमखाजपुरा शिव मंदिर का दृश्य सबसे आकर्षक रहा। मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। पूरे परिसर में धूप, अगरबत्ती और बेलपत्र की सुगंध फैली हुई थी।30 शिव झांकियां गाजे-बाजे के साथ पहुंचीं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त नाचते-गाते नजर आए। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में थे। छोटे-छोटे बच्चे भी भगवान शिव और माता पार्वती के रूप में सजे दिखाई दिए। मंदिर परिसर में लगातार रुद्राभिषेक और विशेष पूजन चल रहा है। पुजारी मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं से पूजन करवा रहे हैं। लंबा इंतजार करने के बावजूद भक्तों के चेहरे पर थकान कम और आस्था अधिक दिखाई दे रही है।-केसरी नगर में उमड़ी आस्था की लहरकेसरी नगर स्थित विजय राघव शिव मंदिर में भी सुबह से भारी भीड़ बनी हुई है। यहां स्थानीय समितियों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की मधुर धुन गूंज रही है। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद ले रहे हैं। कई परिवार पूरी रात जागरण कर सुबह की आरती में शामिल हुए। युवाओं में भी खासा उत्साह देखा गया।-बोरिंग रोड का शिव मंदिर भी रहा केंद्र मेंबोरिंग रोड स्थित शिव मंदिर में भी भक्तों की लंबी कतारें सुबह से लगी रहीं। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर के बाहर प्रसाद और पूजा सामग्री की दुकानों पर रौनक बनी रही। यहां भी श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े होकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। कई लोग उपवास रखकर जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।शहर के अन्य शिवालयों में भी उमड़ा जनसैलाबपटना सिटी, कंकड़बाग, राजीव नगर, दीघा और अनीसाबाद समेत शहर के विभिन्न इलाकों के शिवालयों में भी सुबह से भक्तों की भीड़ लगी हुई है। हर मंदिर में विशेष सजावट की गई है और आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.कई स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया है। स्वयंसेवी संगठन श्रद्धालुओं को पानी और चाय उपलब्ध करा रहे हैं।-आस्था के आगे इंतजार भी छोटामहाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। कई लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी चेहरे पर मुस्कान लिए बाबा के दर्शन करते रहे। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचीं। श्रद्धालुओं का कहना है कि महाशिवरात्रि पर बाबा के दर्शन का विशेष महत्व है और इस दिन की गई पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।पूरी दुनिया शिवभक्ति में डूबी है। हम तो सिर्फ लाइन में लगकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। चाहे जितना समय लगे, बिना दर्शन किए नहीं जाऊंगी। घंटों इंतजार भी कम लग रहा है। दर्शन के बाद शाम को बाबा की बारात में शामिल होने का भी प्लान है।- विवेक कुमार, श्रद्धालुसुबह चार बजे से ही दर्शन-पूजन का क्रम जारी है। भीड़ अधिक थी, इसलिए एक बार लौट गया था, लेकिन अब फिर लाइन में लग गया हूं। दर्शन किए बिना वापस नहीं जाऊंगा। शिवरात्रि पर हर साल पूजा-अर्चना करता हूं, इसलिए आज मंदिर आना जरूरी लगा।-स्नेहा, श्रद्धालुमहाशिवरात्रि का यह उत्सव आस्था, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम है। इतनी लंबी लाइन के बावजूद बाबा की कृपा से एक घंटे में ही दर्शन हो गया। माहौल पूरी तरह भक्तिमय है और हर चेहरा श्रद्धा से भरा नजर आ रहा है।- जूही झा, श्रद्धालुहम लोग पूरे परिवार के साथ दर्शन के लिए आए हैं। हर साल शिवरात्रि पर व्रत रखते हैं और विधि-विधान से पूजा करते हैं। बाबा से प्रार्थना है कि सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सबके जीवन में सुख-शांति बनाए रखें।- चांदनी राय, श्रद्धालु
Source: Dainik Jagran February 15, 2026 14:40 UTC