भास्कर न्यूज, पुणे। इंस्टाग्राम के जरिए इंटीरियर डिजाइन का आकर्षक ऑफर देकर साइबर ठगों ने युवक से 8.10 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। मामला अप्रैल-25 से फरवरी-26 के बीच केशवनगर, मुंढवा से संबद्ध है। इस संबंध में 36 वर्षीय युवक ने मुंढवा पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर अज्ञात इंस्टाग्राम अकाउंट धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता युवक केशवनगर, मुंढवा में रहता है। अप्रैल-25 में उसने फ्लैट के इंटीरियर काम के लिए इंस्टाग्राम पर जानकारी पोस्ट की थी। उसके बाद साइबर ठगों ने उससे संपर्क कर कम दाम में शानदार इंटीरियर करने का लालच दिया और खुद को प्रोफेशनल इंटीरियर डिजाइनर बताया। आरोपी ने अलग-अलग बहानों से युवक को निवेश करने के लिए मजबूर किया और समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। इस तरह युवक ने 8.10 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। पैसे लेने के बावजूद आरोपी ने न तो इंटीरियर का कोई काम शुरू किया और न ही बाद में संपर्क में रहा। काफी समय बीतने के बाद भी जब काम शुरू नहीं हुआ और आरोपी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, तब युवक को ठगी का एहसास हुआ। उसके बाद उसने मुंढवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Source: Dainik Bhaskar February 04, 2026 09:10 UTC