भास्कर न्यूज, पुणे। विश्रांतवाड़ी थाना क्षेत्र में 29 दिसंबर को हुई 17 साल के किशोर अमनसिंह सुरेंद्रसिंह गचंड की हत्या के कारणों का खुलासा हो गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि लड़की से इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुई एक दिन की बातचीत अमन के लिए मौत का रास्ता बन गई। आरोपियों ने लड़की के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर दी।आरोपियों को पहले से पता था कि अमन इतनी आसानी से उनसे मिलने नहीं आएगा। इसलिए उन्होंने एक लड़की को साजिश में शामिल किया और इंस्टाग्राम पर अमन से उसका संपर्क कराया। शुरुआत में अमन को यकीन नहीं हुआ कि कोई लड़की उससे बात कर रही है। उसने वीडियो कॉल करने को कहा ताकि सामने वाले की पहचान पक्की हो सके। वीडियो कॉल के बाद अमन को भरोसा हो गया और एक दिन की दोस्ती में वह लड़की से मिलने के लिए तैयार हो गया।हत्या से पहले मंदिर में किए दर्शनदरअसल, कुछ महीने पहले अमन का उत्तमनगर इलाके में रहने वाले प्रथमेश चिंधू आढ़ल और नागेश बालाजी धबाले के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े का बदला लेने के लिए दोनों ने साथियों के साथ अमन को खत्म करने की साजिश रची। उन्होंने तय किया कि सीधे बुलाने पर अमन नहीं आएगा, इसलिए सोशल मीडिया के जरिए उसे फंसाया जाए। अमन को पहले लगा कि साइबर फ्रॉड कॉल हो सकता है, लेकिन जब उसने लड़की को वीडियो में देखा तो कात्रज में लड़की से मिलने चला गया। 29 दिसंबर को लड़की ने अमन को मिलने के बहाने कात्रज बुलाया। अमन सुजुकी एक्सेस स्कूटर लेकर वहां पहुंचा। उसके बाद लड़की उसे उसी की गाड़ी पर खेड़ शिवापुर स्थित चतुर्भुज मंदिर ले गई, जहां दोनों ने दर्शन किए। उसी दौरान आरोपी पहले से वहां निगरानी कर रहे थे। लड़की के इशारे पर आरोपियों ने अमन को मंदिर के बाहर पकड़ लिया और जबरन जंगल की ओर ले गए।आरोपी लड़की भी फरारमंदिर से दो से तीन किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर आरोपियों ने अमन की हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार हत्या करने के बाद लड़की ने भी अमन की लाश को जमीन में दफनाने के लिए गड्ढा खोदने में मदद की थी। 31 दिसंबर को अमन की मां ने विश्रांतवाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा घर से स्कूटर लेकर निकला था और वापस नहीं लौटा। उसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने अमन के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन के आधार पर जांच की। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कर्नाटक के बेलगाम में छिपे हैं। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने वहां दबिश देकर प्रथमेश चिंधू आढ़ल (19) निवासी उत्तमनगर, नागेश बालाजी धबाले (19) निवासी शिवणे और दो नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया। पुलिस खेड़ शिवापुर में अमन की लाश को भी ढूंढ रही है, साथ ही साजिश में शामिल लड़की की भी तलाश की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar January 08, 2026 08:38 UTC