भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर अवैध रूप से जुआ खिलाने वाले एक युवक को चिखली पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और नकद रकम जब्त की है। यह कार्रवाई बुधवार, 4 फरवरी को दोपहर के समय तलवड़े के त्रिवेणीनगर चौक स्थित एक चद्दर के शेड में की गई।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान माहुल बाबासाहेब जावले (उम्र 30 वर्ष, निवासी ओटास्किम, निगडी, पुणे) के रूप में हुई है। आरोपी ‘फन एंड जॉय’ नामक ऑनलाइन गेम के जरिए लोगों से पैसे इकट्ठा कर जुआ खेल रहा था और अन्य लोगों को भी जुए के लिए प्रोत्साहित कर रहा था।चिखली पुलिस को इस अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मौके पर छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जुआ सामग्री और नकद राशि सहित कुल 11 हजार 120 रुपये का माल जब्त किया।इस मामले में पुलिस कांस्टेबल विनोद व्होनमाने ने चिखली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है कि इस ऑनलाइन जुए के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2026 12:26 UTC