भास्कर न्यूज, पुणे। कर्वे रोड स्थित जलसा होटल के सामने मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने लापरवाह दोपहिया चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।मृत महिला की पहचान सिताबाई अजिनाथ शिंदे (उम्र 60) के रूप में हुई है। इस संबंध में उनके बेटे तुलसीदास अजिनाथ शिंदे (उम्र 38, निवासी संभानगर झोपड़पट्टी, कर्वेनगर) ने अलंकार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 3 फरवरी सुबह करीब साढ़े आठ बजे तुलसीदास शिंदे अपनी मां को दोपहिया वाहन पर पीछे बैठाकर जा रहे थे। कर्वे रोड पर जलसा होटल के सामने सिग्नल खुलते ही एक अज्ञात दोपहिया चालक ने दाईं ओर से अचानक लापरवाही से वाहन मोड़ते हुए उनकी दोपहिया को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।टक्कर के कारण तुलसीदास शिंदे और उनकी मां सड़क पर गिर पड़े। उसी समय पीछे से आ रहे एक मालवाहक टेम्पो का पिछला बायां पहिया सिताबाई शिंदे की छाती के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात दोपहिया चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2026 17:04 UTC