भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। पिंपरी-चिंचवड नगरपालिका ने झुग्गी उन्मूलन एवं पुनर्वसन विभाग के तहत नागरिकों की सुविधा के लिए झोपड़पट्टी सेवा कर ऑनलाइन भरने की सुविधा शुरू की है। अब नागरिक अपने घर बैठे सेवा कर बिल का भुगतान कर सकते हैं। बिल के निचले दाहिने हिस्से में दिए गए क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करके यूपीआई, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या डिजिटल वॉलेट के माध्यम से भुगतान कुछ ही सेकंड में किया जा सकता है।उपायुक्त अन्ना बोदाडे ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत ‘सारथी सोनचीरैया’ शहरी आजीविका केंद्र और समाज विकास विभाग के महिला बचत समूहों के सहयोग से की गई है। इन समूहों ने झुग्गीवासियों तक सेवा कर बिल वितरित किए हैं। अब नागरिक इन बिलों का भुगतान घर बैठे डिजिटल माध्यम से कर सकते हैं।मनपा के अनुसार, यह कदम न केवल नागरिकों का समय और श्रम बचाएगा, बल्कि मनपा की डिजिटल सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और सरल बनाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद स्क्रीन पर नागरिक का नाम और बिल से जुड़ी सारी जानकारी दिखाई देगी। जानकारी सही पाए जाने पर Pay Bill Here बटन पर क्लिक करके भुगतान पूरा किया जा सकता है।महापौर रवि लांडगे ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर सेवा कर जमा करें। उन्होंने कहा, हमारी प्राथमिकता नागरिकों के लिए सरल, पारदर्शी और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस सुविधा से झोपड़पट्टीवासियों को घर बैठे कर भरने की सुविधा मिलेगी। यह हमारी डिजिटल पहल को और मजबूत बनाएगी।इस सुविधा के शुरू होने के साथ ही झुग्गीवासियों को अब घर से बाहर जाकर लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं है। यह कदम नागरिकों के लिए राहत के साथ-साथ नगरपालिकाओं की सेवाओं में पारदर्शिता और डिजिटल दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Source: Dainik Bhaskar February 11, 2026 01:17 UTC