पिंपरी-चिंचवड़, भास्कर न्यूज। पिंपरी चिंचवड़ के चरहोली बुद्रुक इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने मानसिक तनाव के चलते जहरीली दवा का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुमार ऐश्वर्य (39) के रूप में हुई है। पत्नी के खिलाफ रियल एस्टेट से जुड़े आपराधिक मामले के बाद से वह लगातार तनाव में थे।दिघी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रमोद वाघ ने बताया कि मृतक की पत्नी प्रीति ऐश्वर्य रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़ी हैं। हाल ही में ठाणे में उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले को लेकर कुमार मानसिक दबाव में थे।पुलिस के अनुसार 29 जनवरी को पति-पत्नी के बीच इसी विषय पर विवाद हुआ था। विवाद के बाद गुस्से और हताशा की स्थिति में कुमार ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। इसके बाद उन्हें खून की उल्टियां और दस्त होने लगे।परिजनों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान कुछ समय के लिए हालत में सुधार हुआ, लेकिन रविवार रात करीब साढ़े दस बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Source: Dainik Bhaskar February 03, 2026 02:48 UTC