भास्कर न्यूज, पुणे। येरवडा केंद्रीय कारागृह में गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। जेल के खुले परिसर में एक कैदी की बेरहमी से पिटाई किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में एक कैदी के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।गंभीर रूप से घायल कैदी की पहचान देवकरप्पा गराले (उम्र 65) के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले में आरोपी कैदी फजिल अहमद अब्दुलकयुम अंसारी के खिलाफ येरवडा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जेल के हवालदार प्रकाश भोसले ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गराले और अंसारी दोनों को सजा सुनाई जा चुकी है और अच्छे आचरण के चलते उन्हें खुले कारागृह में काम दिया गया था। 5 जनवरी को खुले कारागृह के बैरक नंबर एक परिसर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर अंसारी ने गराले के चेहरे पर मुक्कों से हमला किया, जिससे गराले जमीन पर गिर पड़े। मारपीट के दौरान गराले के सिर में गंभीर चोट लगने से उनके मस्तिष्क में रक्तस्राव हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सी. बेरड कर रहे हैं।लगातार हो रही हिंसक घटनाओं को देखते हुए जेल प्रशासन ने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद गंभीर घटनाएं सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
Source: Dainik Bhaskar January 09, 2026 11:02 UTC