भास्कर न्यूज, पुणे। नगर रोड स्थित वाघोली इलाके में पुलिस ने मेफेड्रोन की तस्करी करने आए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के पास से 28 लाख रुपए कीमत का 134 ग्राम मेफेड्रोन, एक कार और मोबाइल फोन सहित कुल 55 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन नंदकिशोर लधड (35, निवासी धानोरी) और हनुमान रूपाराम चौधरी (33, निवासी वडगांव मावल) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस को केसनंद क्षेत्र में मेफेड्रोन की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके आधार पर वाघोली पुलिस ने जाल बिछाकर पहले किशन लधड को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि उसे मेफेड्रोन की आपूर्ति हनुमान चौधरी ने की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार चौधरी मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और वहीं से मेफेड्रोन लाकर पुणे में बेचता था। आरोपी पिछले एक साल से शहर में सक्रिय थे।यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, पुलिस उपायुक्त सोमय मुंडे और सहायक आयुक्त नूतन पवार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदकुमार गायकवाड व उनकी टीम ने की।
Source: Dainik Bhaskar February 28, 2026 10:28 UTC