भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए टैंकर हादसे के कारण भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई। इस दुर्घटना का सीधा असर महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) की बस सेवाओं पर पड़ा है। परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पन्न हालातों के चलते राज्य के विभिन्न मार्गों पर कुल 139 बस फेरों को रद्द करना पड़ा है।रद्द की गई बस सेवाओं में 73 ई-शिवनेरी और 66 अन्य बस फेरों का समावेश है। इसके अलावा, एक्सप्रेस-वे पर एमएसआरटीसी की कुल 163 बसें यातायात जाम में फंस गई थीं। इनमें सातारा विभाग की 46, सोलापुर की 36, पुणे की 20, सांगली की 18, कोल्हापुर की 13, पालघर की 12, ठाणे की 11 और मुंबई विभाग की 7 बसें शामिल हैं।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। जैसे ही यातायात सामान्य होगा, बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से पुनः शुरू की जाएंगी, ऐसा विभाग के अधिकारियों ने बताया।
Source: Dainik Bhaskar February 04, 2026 14:07 UTC