RBI की ओर से ब्याज दरों में कटौती की संभावना नहीं: रजनीश कुमारनई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) अपनी द्वैमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक में ब्याज दरों में कटौती का फैसला लेगा।गौरतलब है कि आरबीआई की एमपीसी बैठक मंगलवार से शुरु हो रही है जो कि 7 फरवरी तक चलेगी। यह बैठक मुंबई में हो रही है।उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि समिति अपने रुख को न्यूट्रल पर बरकरार रख सकती है, लेकिन मुझे रेट कट की उम्मीद नहीं है।" कुमार ने यह बात एक समारोह के इतर कही। उन्होंने अनुमान लगाया कि घरेलू मुद्रास्फीति के लक्ष्य के भीतर रहने के चलते आरबीआई उदार रुख अपना सकता है।कुमार ने कहा, "आरबीआई की ओर से जरूरी लिक्विडिटी (तरलता) सपोर्ट दिया जाएगा जैसा कि उसकी ओर से पहले वादा किया गया है। अभी तक घरेलू मुद्रास्फीति लक्ष्य के भीतर है। इस परिदृश्य में मेरा मानना है कि आरबीआई ज्यादा उदार रुख अपना सकता है।"Posted By: Praveen Dwivedi
Source: Dainik Jagran February 05, 2019 05:03 UTC