जागरण संवाददाता, आगरा। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और एसटीएफ ने आगरा के बाह क्षेत्र के बिजौली से विष्णु को हिरासत में लिया है। विष्णु को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम रविवार रात में ही अपने साथ ले गई है। इससे पहले बिजौली के ही तीन शूटरों सहित चार लोगों को नोएडा से गिरफ्तार किया गया था। पकड़े गए आरोपित लारेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करते हैं।मुंबई की एसटीएफ व क्राइम ब्रांच की टीम रविवार रात आठ बजे बिजौली गांव में दबिश दी। यहां से पुलिस टीम ने विष्णु नाम के युवक को गिरफ्तार किया और अपने साथ मुंबई ले गई।स्थानीय पुलिस ने बताया कि फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई एसटीएफ ने नोएडा से बाह के गांव बिजौली निवासी ऋतिक यादव, सनी, सोनू के अलावा नोएडा दीपक को गिरफ्तार किया था। आरोपितों ने पूछताछ में विष्णु का नाम भी बताया था। इसी के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की है। सोमवार को विष्णु के घर में ताला लटका मिला। पड़ोसियों के ने बताया कि परिवार के लोग कहीं चले गए हैं।
Source: Dainik Jagran February 16, 2026 13:01 UTC