संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने युवा रियान पराग पर बड़ा दांव खेला है। पराग के लिए यह एक बड़ी चुनौती होगी, लेकिन टीम में रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज की मौजूदगी उन्हें मैदान पर सही दिशा दिखाने में मदद करेगी।दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के लिए ऑलराउंडर अक्षर पटेल को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। अक्षर के पास नेतृत्व का सीमित अनुभव है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को उनकी ऑलराउंड क्षमता और खेल की समझ पर पूरा भरोसा है।दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़ने के बाद ऋषभ पंत अब लखनऊ सुपर जाइंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। पंत के लिए पिछला कुछ समय नेतृत्व और बल्लेबाजी दोनों के लिहाज से संघर्षपूर्ण रहा है। नई टीम के साथ वे अपने करियर की नई और सफल शुरुआत करना चाहेंगे।ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले पैट कमिंस अभी तक हैदराबाद के लिए वैसी जादुई सफलता नहीं दोहरा पाए हैं। 30 मैचों में 15 जीत के रिकॉर्ड के साथ कमिंस इस सीजन में अपनी रणनीति और कप्तानी के दम पर ऑरेंज आर्मी को फिर से शीर्ष पर देखना चाहते हैं। हालांकि पैट कमिंस सनराइजर्स के लिए शुरुआती कुछ मैच इंजरी के कारण मिस करेंगे। जिसके कारण टीम की कप्तानी ईशान किशन को सौंपी गई है। ईशान किशन की कप्तानी में झारखण्ड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी।शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान यह तीसरा सीजन होगा। हार्दिक पंड्या के जाने के बाद गिल ने कमान संभाली थी, लेकिन पिछला कुछ समय उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। 2024 में टीम प्लेऑफ से बाहर रही और 2025 में एलिमिनेटर में हार गई। गिल इस बार टीम को फिर से फाइनल की दहलीज पर ले जाना चाहेंगे।कोलकाता नाइट राइडर्स ने अनुभवी अजिंक्य रहाणे को कप्तान बनाकर एक साहसिक फैसला लिया है। पिछले सीजन में रहाणे ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 390 रन बनाए थे। अब उन पर जिम्मेदारी होगी कि वे पिछले साल आठवें नंबर पर रही केकेआर की किस्मत बदलें।कोलकाता का साथ छोड़ने के बाद श्रेयस अय्यर अब पंजाब किंग्स के नए सेनापति हैं। अय्यर के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड है—वे दो अलग-अलग टीमों को लगातार आईपीएल फाइनल में ले जाने वाले पहले कप्तान हैं। पंजाब की टीम को उम्मीद है कि अय्यर का अनुभव उन्हें पहली बार चैंपियन बनाएगा।गुजरात को चैंपियन बनाने के बाद हार्दिक पंड्या अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में वापस लौटे थे। हालांकि, मुंबई के कप्तान के तौर पर उन्हें अभी वह अपेक्षित सफलता नहीं मिली है जिसकी फैंस उम्मीद कर रहे थे। हार्दिक इस सीजन में अपनी कप्तानी के रिकॉर्ड को सुधारने और टीम को छठा खिताब दिलाने के इरादे से उतरेंगे।29 वर्षीय ऋतुराज गायकवाड़ एक बार फिर 'येलो आर्मी' की कमान संभालेंगे। हालांकि संजू सैमसन के टीम में आने के बाद कप्तानी को लेकर अफवाहें उड़ी थीं, लेकिन मैनेजमेंट ने गायकवाड़ पर ही भरोसा जताया है। ऋतुराज ने साफ कर दिया है कि उनका एकमात्र लक्ष्य टीम को छठा खिताब दिलाना है।डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने अपनी कप्तानी में भरोसा बरकरार रखा है। रजत पाटीदार ने 2025 में टीम को पहला आईपीएल खिताब दिलाकर इतिहास रचा था। विराट कोहली के साथ मिलकर पाटीदार का लक्ष्य इस साल 'बैक-टू-बैक' खिताब जीतना होगा, जो अब तक केवल चेन्नई और मुंबई ही कर पाए हैं।
Source: Navbharat Times March 19, 2026 06:12 UTC