भास्कर न्यूज| चकिया. साहेबगंज रोड स्थित ट्रान्सेंडेंस इंटरनेशनल स्कूल परिसर में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित करना था।कार्यक्रम के दौरान कक्षा-वार शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों के प्रदर्शन, उपस्थिति और व्यवहार से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, छात्रों की कमजोरियों को दूर करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए गए, ताकि अभिभावक घर पर भी बच्चों का उचित मार्गदर्शन कर सकें। वही विद्यालय संचालक साएम नासिर ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ, वहीं अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।बैठक के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिली। विद्यालय प्राचार्य अखिलेश कुमार तथा मो. अमानुल्लाह ने अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
Source: Dainik Bhaskar April 06, 2026 00:11 UTC