एरिक्सन इंडिया ने मंगलवार को आरकॉम के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक और अवमानना याचिका दायर कर दी। आरकॉम पर एरिक्सन के 550 करोड़ रुपए बकाया हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एरिक्सन ने कोर्ट से अपील की है कि अनिल अंबानी और मामले से जुड़े दूसरे लोगों की निजी संपत्ति फ्रीज कर उसकी नीलामी की जाए।एरिक्सन की नई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 12 फरवरी को सुनवाई कर सकता है। उस दिन अनिल अंबानी, रिलायंस टेलीकॉम के चेयरमैन सतीश सेठ और रिलायंस इन्फ्राटेल की चेयरपर्सन छाया विरानी कोर्ट में पेश हो सकती हैं।सुप्रीम कोर्ट ने 15 दिसंबर तक आरकॉम को एरिक्सन का बकाया चुकाने के आदेश दिए थे। लेकिन, वह ऐसा नहीं कर पाई। एरिक्सन ने इसे कोर्ट की अवमानना बताते हुए पिछले महीने भी अवमानना याचिका दायर की थी।पिछले महीने दायर याचिका में एरिक्सन ने अपील की थी कि भुगतान किए जाने तक अनिल अंबानी, सतीश सेठ और छाया विरानी को सिविल जेल में रखा जाए। उन्हें विदेश जाने से रोकने के लिए अदालत गृह मंत्रालय को निर्देश जारी करे। कोर्ट ने इस पर अनिल अंबानी और अन्य लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगा था।क्या है विवाद की वजह ? एरिक्सन इंडिया ने साल 2014 में आरकॉम का टेलीकॉम नेटवर्क संभालने के लिए 7 साल की डील की थी। उसका आरोप है कि आरकॉम ने 1,150 करोड़ रुपए की बकाया रकम नहीं चुकाई। दिवालिया अदालत में सेटलमेंट प्रक्रिया के तहत एरिक्सन इस बात के लिए राजी हुई कि आरकॉम सिर्फ 550 करोड़ रुपए का भुगतान कर दे।
Source: Dainik Bhaskar February 06, 2019 07:59 UTC