भास्कर संवाददाता|बांसवाड़ा/नौगामाजनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के मंत्री अर्जुनसिंह बामनिया के गृह जिले में ही छात्रावासों में छात्र छात्राओं को सरकार की सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा। आवासीय छात्रावासों में छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं, उनके आने जाने का कोई लेखा जोखा नहीं रखा जा रहा। गनोड़ा केजीबीवी आवासीय छात्रावास में गड़बड़ी का खुलासा हुए अभी 7 दिन का समय भी नहीं बीता है कि अब बागीदौरा सीबीईओ रामलाल खराड़ी ने नौगामा केजीबीवी छात्रावास में अनियमितताओं को उजागर किया है।जाते ही सबसे बड़ी अनियमितता तो यह सामने आई कि छात्राएं महज चौकीदार के भरोसे वहां थी, वार्डन सहित दूसरा स्टाफ नदारद मिला। इसके बाद जैसे जैसे सीबीईओ खराड़ी से छात्राओं से पूछताछ करनी शुरू हुई तो लापरवाही की एक एक परतें खुलती नजर आई। छात्राओं को पूछा गया कि नाश्ते में क्या मिला तो उन्होंने बताया कि मात्र दो बिस्किट और दूध ही नाश्ते में दिया जाता है। वहीं शाम को परमल और चाय दी जाती है। छात्रावास में कार्यरत वार्डन और हेल्पर ने वहां अपनी मनमर्जी चला रखी है जो मर्जी से आती है और मर्जी से जाती है। उनके द्वारा छात्रावास में ठहराव के लिए भी पारियां बांट रखी हैं।निरीक्षण में यह भी सामने आया कि छात्राओं को गुणवत्ता युक्त भोजन नहीं परोसा जा रहा है। यहां भोजन बनाने में भी भेदभाव पूर्व रवैया अपनाया जा रहा है। जो खाना छात्राओं के लिए बनाया जाता है उसे स्टाफ नहीं खाता, उनके लिए अलग से भोजन बनाया जाता है। जांच में रिकार्ड भी नहीं दिया गया। खराड़ी ने वार्डन को नोटिस दिया।नौगामा. हाॅस्टल में जांच करते अधिकारी।सीबीईओ ने राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय नौगामा के निरीक्षण के दौरान भी कई कमियां उजागर की। उन्होंने बताया कि पिछली बार स्कूल का परिणाम कम रहने के कारण सीडीईओ ने स्कूल की पूरी जिम्मेदारी मुझे दी थी। लेकिन स्कूल स्टाफ बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हैं। जिस क्वालिटी ऑफ एजुकेशन की सरकार बात कर रही हैं उसकी यहां कोई पालना नहीं होती। यहीं कारण है कि बच्चे ठीक से अंग्रेजी भी नहीं बोल पाते। गणित में जोड़बा की गुणा भाग में भी बच्चों का स्तर काफी नीचे है। अब परीक्षा के गिनती के दिन बचे हुए हैं, खराड़ी ने आवश्यक प्रयास करने व अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2019 21:33 UTC