जमशेदपुर (ब्यूरो)। लौहनगरी की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों को जल्द ही &लेफ्ट फ्री जोन&य के रूप में विकसित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य जाम की समस्या को कम करना और वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाना है। ट्रैफिक विभाग के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत ऐसे चौराहों की पहचान की जा रही है जहां ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है और पीक आवर्स में लंबा जाम लग जाता है। प्रारंभिक चरण में साकची, बिष्टुपुर, मानगो और कदमा जैसे प्रमुख इलाकों को प्राथमिकता दी जा सकती है। इन स्थानों पर लेफ्ट टर्न लेने वाले वाहनों के लिए अलग लेन या विशेष रास्ता बनाया जाएगा, जिससे उन्हें सिग्नल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और सिग्नल पर लगने वाला समय भी घटेगा।चौराहों की पहचानइस योजना के क्रियान्वयन में टाटा स्टील यूआईएसएल की भी भागीदारी होगी, जो सड़क और ट्रैफिक से जुड़े बुनियादी ढांचे को विकसित करने में सहयोग करेगी। ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि लेफ्ट फ्री जोन व्यवस्था लागू करने से ट्रैफिक का प्रवाह बेहतर होगा और शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी। इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा कई जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाएगा, लेन मार्किंग की जाएगी और आवश्यक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी ताकि वाहनों की दिशा स्पष्ट रहे। आम नागरिकों को नई व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे लोग नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।सख्ती बरतने का निर्णयइसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने शहर में अव्यवस्थित पार्किंग पर भी सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। खासकर होटल, रेस्टोरेंट और भीड़भाड़ वाले इलाकों के बाहर सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर लिया है जहां शाम के समय सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने से जाम की स्थिति बनती है।होगी कार्रवाईट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि लोग अपने वाहन सड़क के बीच या किनारे इस तरह खड़े कर देते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। अब ऐसे मामलों में न केवल वाहन चालकों पर कार्रवाई होगी, बल्कि संबंधित संस्थानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि लेफ्ट फ्री जोन व्यवस्था लागू होने से न केवल जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की बचत और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। इसके लिए जल्द ही जिला स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस नई व्यवस्था में सहयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सामूहिक प्रयास से ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।यहां अक्सर रहता है जाम-इनर सर्कल रोड -ऊल्याण मोड़ सती घाट के सामने से लेकर शालिग्राम स्वीट्स, गणेश पूजा मैदान।-गोपाल मैदान से लेकर शम्भू पान दुकान, सोंनेट होटल के आगे तक।-आउटर सर्कल- अवैध गाड़ी पार्किंग रमाडा होटल और अलकोर होटल से लेकर ऍन रोड बिस्टुपुर के दोनों तरफ के जगहों पर करवाई चलेगी। इसके अलावा मुस्लिम लाइब्रेरी से क्रोमा के सामने पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी।-एसबी रोड - छप्पन भोग से लेकर ट्रैफिक सिग्नल बिस्टुपुर तकट्रैफिक व्यवथा को सुदृढ़ करने के लिए यातायात पुलिस विभाग वृह्द पैमाने पर अभियान चलाएगी। साथ ही सिटी को जाम मुक्त बनाने के लिए कुछ चिन्हित जगहों को लेफ्ट फ्री ज़ोन बनाने की तैयारी प्रशासन कर रहा है। इसके लिए रोड मैप और रूट मैप तैयार करने के लिए जल्द बैठक होने जा रही है।नीरज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, जमशेदपुर
Source: Dainik Jagran April 09, 2026 19:22 UTC