Hindi NewsLocalUttar pradeshGorakhpurCampierganjJagran Public School Celebrated The 20th Death Anniversary Of Its Founder. जागरण पब्लिक स्कूल में संस्थापक की 20वीं पुण्यतिथि मनाई गई: विज्ञान प्रदर्शनी और क्रिसमस कार्यक्रम का भी हुआ आयोजनसत्य प्रकाश त्रिपाठी | कैम्पियरगंज 16 घंटे पहलेकॉपी लिंकगोरखपुर के कैम्पियरगंज स्थित जागरण पब्लिक स्कूल में संस्था के प्रेरक और संस्थापक स्व. दुर्गाप्रसाद मातनहेलिया की बीसवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी और क्रिसमस पर्व से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश रोशन ने सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। संस्था के चेयरमैन पंकज मातनहेलिया ने बताया कि इस वर्ष पुण्यतिथि को एक नया स्वरूप देते हुए विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जो भविष्य में भी जारी रहेगा।क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय के बच्चों ने नृत्यगीत प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी के बच्चों ने सांता क्लॉज के परिधान पहनकर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।दिसंबर माह में आने वाले वीर बाल दिवस को याद करते हुए बच्चों ने गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों की कुर्बानी को भी नमन किया। इस प्रकार, क्रिसमस के उल्लास के साथ ही सिखों की कुर्बानी के पर्व को भी याद किया गया।रंगारंग कार्यक्रमों के बाद मुख्य अतिथि राकेश रोशन और संस्था के चेयरमैन पंकज मातनहेलिया ने फीता काटकर विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। बच्चों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें स्वचालित रोबोट, चंद्रयान और ब्रह्मोस मिसाइल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अभिभावक और दर्शक स्वचालित रोबोट को चलते और हाथ मिलाकर बात करते देख आश्चर्यचकित रह गए।विद्यार्थियों ने विश्व पर्यावरण और जल संरक्षण से संबंधित मॉडल भी प्रदर्शित किए।इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन पंकज मातनहेलिया ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता और संस्था के प्रेरक संस्थापक दुर्गाप्रसाद मातनहेलिया एक कर्मठ, यथार्थवादी और सच्चे समाज सेवक थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नगर को विकसित करने के उनके स्वप्न को साकार करना सबका लक्ष्य बताया।संस्था के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने भी दुर्गाप्रसाद मातनहेलिया के जीवन और योगदान को याद किया। उन्होंने उनके दिखाए रास्ते पर संस्था के आगे बढ़ते रहने के संकल्प को दोहराया और क्रिसमस कार्यक्रम तथा विज्ञान प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
Source: Dainik Jagran December 22, 2025 15:40 UTC