जागरण संवाददाता, सिमडेगा: चक्रवाती तूफान यास को लेकर जिले में मंगलवार से ही असर दिखने लगा है। दिनभर जहां आसमान में बादल छाए हुए रहे,तो देर शाम से बारिश भी शुरू हो गई है। हवा की गति में भी रफ्तार देखने को मिल रही है। तूफान को लेकर लोग भी सहमे हुए हैं। अपने स्तर से लोग बचाव की तैयारी में भी जुटे हुए हैं। तूफान को लेकर जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने जिले के सभी 10 प्रखंडों में आम नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए तूफान के दौरान लोगों से घरों में रहने की अपील की है। साथ ही जिला प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए गाइडलाइन जारी करते हुए तूफान से बचाव के कुछ बिदु बताये हैं। जिससे की लोग सतर्क रहे। उपायुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि जिला स्तरीय पदाधिकारी से लेकर प्रखंड के बीडीओ-सीओ प्रखंडों में एक टीम की का गठन करें। जिसके माध्यम से तूफान के कारण प्रभावित होने वाले लोगों को सूचना के उपरांत अविलंब सहायता पहुंचाई जा सके। खासकर इस तूफान के दौरान किसी की राशन की क्षति होने पर अविलंब उसको राशन उपलब्ध कराएं। ताकि किसी को राशन के अभाव में भूखा ना रहना पड़े। तूफान के बाद प्रत्येक प्रखंड में हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट 29 मई तक रिपोर्ट समर्पित करने की बात कही है। ताकि सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि जल्द ही प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग तो पूर्व से ही अलर्ट मोड पर है। इसके अलावा सभी एंबुलेंस को तैयार रखा गया है। बाक्स : वैक्सीनेशन आज व कल रहेगा स्थगित उपायुक्त ने यास तूफान के मद्देनजर अगले 2 दिन 26 व 27 मई को वैक्सीनेशन कार्य स्थगित करने का निर्देश दिया है। तूफान के दौरान सड़कों पर मलबे आदि को हटाने के लिए जेसीबी आदि को तैयार रखा गया है। वहीं विद्युत विभाग को तूफान के दौरान बिजली की तार गिरने तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की परिस्थिति में जल्द मरम्मत करने का निर्देश दिया है।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप
Source: Dainik Jagran May 25, 2021 16:07 UTC