जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। जेपी नड्डा के बाद कौन? लंबे समय तक इस प्रश्न के साथ चलती रही अटकलों पर विराम तो 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही लग गया था, लेकिन सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी होने के बाद अंतत: भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के नाम पर अधिकृत रूप से मुहर लग गई।चूंकि, उनके अतिरिक्त किसी अन्य दावेदार का नामांकन नहीं हुआ है, इसलिए मंगलवार को उनके निर्विरोध अध्यक्ष बनने की घोषणा होगी, साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा अपने विस्तारित कार्यकाल में दायित्व निर्वहन कर रहे थे।नवीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल पार्टी संविधान के अनुसार, 36 में से 30 प्रदेशों में अध्यक्ष का निर्वाचन पूरा होने के बाद 16 जनवरी, 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी की गई। हालांकि, यह पहले से ही लगभग तय था कि पार्टी नेतृत्व की ओर से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए बिहार के युवा नेता नितिन नवीन ही सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाएंगे। फिर भी चुनाव प्रक्रिया की सारी औपचारिकताएं पूरी की गईं।निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में दोपहर दो से शाम चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल हुए।नितिन नवीन का नाम ही प्रस्तावित राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के अनुसार, सभी नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। चूंकि, शाम पांच बजे तक का समय नामांकन वापसी के लिए निर्धारित किया गया था, इसलिए उसके बाद राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी की ओर से घोषणा कर दी गई कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नाम यानी नितिन नवीन का नाम ही प्रस्तावित हुआ है।
Source: NDTV January 20, 2026 03:32 UTC