नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। रसोई में उपयोग के लिए स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा दिए जाने से भारत एलपीजी का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बन गया है। तेल सचिव एमएम कुट्टी ने मंगलवार को कहा कि देश में एलपीजी की मांग 2025 तक 34 फीसद बढ़ने की उम्मीद है। एशिया एलपीजी सम्मेलन में उन्होंने कहा कि सक्रिय एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या सालाना 15 फीसद की चक्रवृद्धि रफ्तार से बढ़ी है। यह संख्या 2014-15 में 14.8 करोड़ थी, जो 2017-18 में बढ़कर 22.4 करोड़ हो गई।तेल सचिव ने कहा कि आबादी में तेज बढ़ोतरी और एलपीजी उपयोग करने वालों की संख्या बढ़ने से देश में एलपीजी की खपत 8.4 फीसद बढ़ कर 2.25 करोड़ टन पर पहुंच गई है और भारत एलपीजी का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बन गया है। तेल मंत्रलय के अनुमान के मुताबिक देश में एलपीजी की खपत 2025 तक बढ़कर 3.03 करोड़ टन तक और 2040 तक और बढ़कर 4.06 करोड़ टन पर पहुंच सकती है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को 6.31 करोड़ से अधिक मुफ्त एलपीजी कनेक्शन बांटे गए हैं। योजना की शुरुआत एक मई 2016 को हुई थी।Posted By: Nitesh
Source: Dainik Jagran February 06, 2019 04:52 UTC