आपसी कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, सुर्जनपुर गांव में पसरा सन्नाटापुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए सलाखों के पीछेSitapur : सीतापुर के थाना मछरेहटा अंतर्गत परसदा चौकी क्षेत्र के सुर्जनपुर गांव में बुधवार को आपसी विवाद की चिंगारी ने ऐसा विकराल रूप धारण कर लिया कि देखते ही देखते एक हंसते-खेलते परिवार में मातम पसर गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने आव देखा न ताव और 60 वर्षीया प्रेमा देवी पर हंसिया से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। धारदार हथियार के वार से लहूलुहान प्रेमा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अपनी मां को बचाने दौड़े उनके दो बेटे रंजीत कुमार और अमरजीत भी इस हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गए।चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल बेटों को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मछरेहटा थाना अध्यक्ष प्रभात गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।गांव में इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी ने स्थिति को बिगड़ने से संभाले रखा है। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
Source: Dainik Bhaskar March 05, 2026 07:09 UTC