प्रियंका गांधी को मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर में कमरा आवंटित किया गया। अकबर रोड पर स्थित इस दफ्तर में प्रियंका कांग्रेस अध्यक्ष और अपने भाई राहुल गांधी के बगल वाले कमरे में बैठेंगी। राहुल ने भी कांग्रेस महासचिव बनने के बाद इसी कमरे से अपना सफर शुरू किया था। उस वक्त उनकी मां सोनिया गांधी पार्टी अध्यक्ष थीं।कांग्रेस दफ्तर में राहुल की पार्टी महासचिवों के साथ हुई बैठक के बाद कमरे में प्रियंका के नाम की प्लेट भी लगा दी गई। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हुई इस बैठक में प्रियंका भी मौजूद थीं। राहुल शनिवार को महासचिवों के साथ फिर बैठक करेंगे।राहुल ने प्रियंका गांधी और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को 23 जनवरी को कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया था। दोनों को उत्तरप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिस समय यह ऐलान हुआ प्रियंका उस वक्त निजी दौरे पर विदेश में थीं। वे सोमवार को ही भारत लौंटी हैं।इसके बाद उन्होंने राहुल से मुलाकात की। प्रियंका पूर्वी उत्तरप्रदेश में कमान संभालेंगी। पूर्वी उप्र में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बनारस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर सीट आती है।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2019 11:24 UTC