जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख बदलाव की ओर हो चला है। शुक्रवार को बादलों की सक्रियता लखनऊ में होने से बूंदाबांदी हुई है, उम्मीद है पूर्वांचल तक भी बादलों की सक्रियता का दौर जल्द ही शुरू हो जाएगा। वहीं बादलों का एक झोंका फिर चार दिनों के बाद आने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। माना जा रहा है कि बादलों की सक्रियता नमी में इजाफा होने के बाद बढ़ जाएगा। इसके बाद बूंदाबांदी और अंधड़ का भी दौर शुरू हो सकता है।शुक्रवार को मौसम का रुख बदला तो बादलों की आवाजाही का रुख भी कई जिलों में नजर आया। रात से ही तापमान में इजाफा का दौर शुरू हो गया तो न्यूनतम और अधिकतम पारा भी चढ़ने लगा। बादलों की सक्रियता के अंदेशे में यह मौसमी बदलाव माना जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से पूर्व में ही मौसम का रुख बदलने का अनुमान जताया गया था। हालांकि सुबह कुछ ठंडक का असर रहा लेकिन यह प्रभावी नहीं हो सका। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार बादलों की सक्रियता शुरू हो गई है। आर्द्रमा में इजाफा हुआ तो बूंदाबांदी भी हो सकती है।
Source: Dainik Jagran March 27, 2026 20:36 UTC