राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने तृणमूल कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा है कि पक्षपाती साबित करने पर वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। मालूम हो कि तृणमूल ने सीईओ पर पूर्व मेदिनीपुर जिले के दौरे के समय नंदीग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी के साथ घूमने के आरोप लगाया है। इसके जवाब में सीईओ ने कहा-'पूर्व मेदिनीपुर के जिला चुनाव अधिकारी मुझे विभिन्न जगहों का निरीक्षण कराने ले गए थे। वहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। उनमें कौन क्या था, यह मुझे कैसे मालूम हो सकता है? अगर मेरी किसी नेता के साथ सांठगांठ साबित कर दी गई तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।'मालूम हो कि तृणमूल की ओर से सीईओ की भाजपा नेता तपन कुमार महापात्र के साथ एक तस्वीर जारी की गई है। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी एक चुनाव सभा के मंच से कहा कि सीईओ नंदीग्राम में भाजपा नेताओं के साथ घूम रहे हैं।
Source: Dainik Jagran April 10, 2026 00:59 UTC