होली की ड्यूटी, सड़क पर जिंदगी की जंग: एसएसपी की जिप्सी बनी एंबुलेंस, इलाज के दौरान मौत - News Summed Up

होली की ड्यूटी, सड़क पर जिंदगी की जंग: एसएसपी की जिप्सी बनी एंबुलेंस, इलाज के दौरान मौत


Moradabad : रंगों के त्योहार होली पर जब पूरा शहर जश्न में डूबा था, उसी वक्त सड़कों पर एक दर्दनाक हादसा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था। होली के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था का जायजा लेने निकले सतपाल अंतिल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद की तत्परता उस समय सामने आई, जब थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के हरथला इलाके में एक दंपत्ति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे पति-पत्नी सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। दोनों सड़क पर तड़प रहे थे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग से उसी दौरान एसएसपी का काफिला वहां से गुजर रहा था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना देर किए अपने एस्कॉर्ट वाहन (जिप्सी) को रुकवाया और हमराही पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। साथ ही यातायात को नियंत्रित कर जाम की स्थिति भी नहीं बनने दी।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसा मोटरसाइकिल के फिसलने से हुआ। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि बाइक को किसी अज्ञात कार ने टक्कर मारी थी, जिसके बाद दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने इस संभावना से भी इनकार नहीं किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि सच सामने आ सके।घायलों को पहले सिद्ध अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। होली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। वहीं महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।होली जैसे संवेदनशील पर्व पर एसएसपी का स्वयं सड़कों पर उतरकर निगरानी करना और घायल दंपत्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाना पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद एक जिंदगी को बचाया नहीं जा सका। अब बड़ा सवाल यही है क्या यह महज फिसलन का हादसा था या फिर हिट एंड रन? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।


Source: Dainik Bhaskar March 05, 2026 09:07 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */