Box Office Manikarnika: कंगना रनौत का यह बाहुबली रिकॉर्ड शायद ही कोई तोड़ सके! - News Summed Up

Box Office Manikarnika: कंगना रनौत का यह बाहुबली रिकॉर्ड शायद ही कोई तोड़ सके!


मुंबई। कंगना रनौत की फ़िल्म 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' इस समय सिनेमाघरों में चल रही है। फ़िल्म धीरे-धीरे 100 करोड़ की तरफ़ बढ़ रही है और आने वाले कुछ दिनों में यह पड़ाव पार कर लेगी, मगर हम आपको मणिकर्णिका के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन के साथ एक ऐसी जानकारी देने जा रहे हैं, जिसे जानकर आप कंगना का लोहा मानने लगेंगे।कंगना के इस रिकॉर्ड के बारे में हम आपको दिलचस्प जानकारी देंगे, मगर पहले मणिकर्णिका की बॉक्स ऑफ़िस पर ताज़ा स्थिति के बारे में आपको बता देते हैं। 25 जनवरी को रिलीज़ हुई मणिकर्णिका शुक्रवार (1 फरवरी) को रिलीज़ के दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी थी। फ़िल्म ने दूसरे वीकेंड में शुक्रवार को ₹3.50 करोड़, शनिवार को ₹5.25 करोड़ और रविवार को ₹6.75 करोड़ बटोरे, जबकि सोमवार को ₹2.25 करोड़ और मंगलवार को ₹2.05 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ फ़िल्म का 12 दिनों का कलेक्शन ₹80.95 करोड़ हो चुका है। यानि ₹100 करोड़ तक पहुंचने के लिए फ़िल्म को अभी ₹19.05 करोड़ चाहिए।अब आपको बताते हैं, कंगना रनौत के उस अनोखे रिकॉर्ड के बारे में जो बॉलीवुड टॉप हीरोइंस भी नहीं बना सकी हैं। कंगना का यह रिकॉर्ड है हिंदी सिनेमा के इतिहास के पहली ₹100 करोड़ी फ़िल्म देने का। जी हां, कंगना ही वो एक्ट्रेस हैं, जिसने हिंदी सिनेमा की हीरोइनों के ज़हन में पहली बार यह ख़याल डाला कि वो भी ₹100 करोड़ की फ़िल्म दे सकती हैं। आनंद एल राय निर्देशित 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' ने ₹152 करोड़ का कलेक्शन किया था। हालांकि ऐसा करने में फ़िल्म को 11 दिन का समय लगा। 'तनु वेड्स मनु' के इस सीक्वल में आर माधवन और दीपक डोबरियाल ने अहम किरदार निभाये थे। कंगना ने फ़िल्म में डबल रोल निभाया था। 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' से पहले कई एक्ट्रेसेज़ ने हिट फ़िल्में दी हैं, मगर ₹100 करोड़ का पड़ाव किसी ने पार नहीं किया था।2018 में यही कारनामा दोहराया दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट ने, जिनकी 'पद्मावत' और 'राज़ी' ने बॉक्स ऑफ़िस पर ₹300 करोड़ और ₹129 करोड़ का कलेक्शन किया था। राज़ी में विक्की कौशल ने पैरेलल लीड रोल निभाया था, जिनकी उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक अब ₹200 करोड़ की तरफ़ भाग रही है। वहीं, पद्मावत में दीपिका के साथ रणवीर सिंह और शाहिद कपूर थे। रणवीर की पिछली फ़िल्म सिम्बा ₹240 करोड़ का करोबार कर चुकी है।बहरहाल, हिंदी सिनेमा में फ़िलहाल ये तीन ही अदाकाराएं ऐसी हैं, जिनकी नायिका प्रधान फ़िल्मों ने ₹100 करोड़ क्लब में एंट्री ली हो। अब अगर मणिकर्णिका ₹100 करोड़ क्लब में जाती है तो कंगना की यह दूसरी फ़िल्म होगी। ऐसा करने वाली कंगना अकेली हीरोइन बन जाएंगी।झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जीवन गाथा पर बनी कंगना रनौत की फ़िल्म 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' ने ओपनिंग वीकेंड में तो गदर मचा दिया। याद दिलाते चलें, 25 जनवरी को रिलीज़ हुई 'मणिकर्णिका' ने पहले दिन ₹8.75 करोड़ जुटाए थे, मगर दूसरे दिन शनिवार को 26 जनवरी की छुट्टी पर तो जैसे सैलाब आ गया। फ़िल्म ने ₹18.10 करोड़ का ज़बर्दस्त कलेक्शन किया, यानि 100 फ़ीसदी से भी अधिक का उछाल। रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस कुछ नीचे आये और ₹15.70 करोड़ जमा किये थे। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने ₹42.55 करोड़ की रकम जुटा ली थी। ओपनिंग वीकेंड के दूसरे दिन 'मणिकर्णिका' ने रिकॉर्ड भी बना लिया। फ़िल्म देश में किसी भी सिंगल डे पर सबसे अधिक कमाई करने वाली वुमन सेंट्रिक फ़िल्म बन गयी, वहीं कंगना ने अपनी ही फ़िल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' का दूसरे दिन सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।'मणिकर्णिका' हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में देशभर में 3000 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है, जबकि ओवरसीज़ में 50 से अधिक देशों में 700 स्क्रींस पर उतारी गयी है। 'मणिकर्णिका' कंगना का डायरेक्टोरियल डेब्यू भी बन गयी है। साउथ इंडियन डायरेक्टर राधा कृष्ण जगरलामुदी (कृष) के साथ कंगना ने फ़िल्म निर्देशित की है। फ़िल्म की कहानी रानी लक्ष्मी बाई के बारे में बुंदेलखंड क्षेत्र में मशहूर लोक गाथाओं और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर लिखी गयी है। स्टोरी और स्क्रीन प्ले केवी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखे हैं, जिन्होंने सलमान ख़ान की 'बजरंगी भाईजान' और 'बाहुबली' जैसी बेहद कामयाब फ़िल्म सीरीज़ लिखी हैं।फ़िल्म में बंगाली सुपर स्टार जिशु सेनगुप्ता ने राजा गंगाधर राव नवलकर का रोल निभाया है। अतुल कुलकर्णी तात्या टोपे के रोल में हैं, जबकि मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब सदाशिव राव के किरदार में हैं, जो नेगेटिव है। यह रोल पहले सोनू सूद निभा रहे थे, मगर कुछ भाग शूट करने के बाद उन्होंने फ़िल्म छोड़ दी थी। सुरेश ओबेरॉय बिठूर के पेशवा बाजीराव के रोल में हैं। अंकिता लोखंडे ने फ़िल्म से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया है। उन्होंने झलकारी बाई का किरदार निभाया है, जो बुंदेलखंडी लोक कथाओं में एक वीरांगना के तौर पर मशहूर है। झलकारी बाई रानी को बचाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर देती है।मिष्टी ने काशी बाई का रोल प्ले किया है, जो रानी की दोस्त है और रानी की मृत्यु के बाद दत्तक पुत्र दामोदर की देखभाल और परवरिश करती है। डैनी डेंग्जोंग्पा ने फ़िल्म में ग़ौस ख़ान का रोल प्ले किया है, जो एक गुलाम योद्धा है और रानी के विश्वास पात्रों में शामिल है। फ़िल्म का नरेशन अमिताभ बच्चन ने किया है। संवाद और गीत प्रसून जोशी ने लिखे हैं। मणिकर्णिका को ज़ी स्टूडियो और कमल जैन ने प्रोड्यूस किया है।Posted By: Manoj Vashisth


Source: Dainik Jagran February 06, 2019 06:19 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */