होंडा सिविक के लिए बेचे सारे कॉइन Dogecoin के को-क्रिएटर बिली मार्कस (Billy Markus) ने हाल में खुलासा किया कि उन्होंने 2015 में एक होंडा सिविक खरीदने के लिए अपनी सारी क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग बेच दी थी। Dogecoin की बिक्री से उन्हें 10,000 डॉलर मिले जिनसे उन्होंने गाड़ी नहीं खरीदी बल्कि किराया चुकाया। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि मुझे क्रिप्टोकरेंसी बेचने से जो पैसे मिले उनसे एक होंडा सिविक खरीदी जा सकती थी। मेरे पास Litecoin, Bitcoin, DOGE और कुछ अन्य क्रिप्टोकरेंसीज थीं। शायद उन्हें आभास नहीं था कि मजाक में शुरू हुई उनकी क्रिप्टोकरेंसी एक दिन दुनिया में तहलका मचाएगी।कीमतों में लगातार तेजी Dogecoin के निवेशकों की लगातार चांदी हो रही है। पिछले कुछ दिनों से इसकी कीमत में 45 फीसदी उछाल आई है और यह बिटकॉइन (Bitcoin) जैसी क्रिप्टोकरेंसीज पर भारी पड़ी है। Dogecoin अब मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बन गई है। Dogecoin ने 8000 फीसदी रिटर्न दिया है जबकि बिटकॉइन का रिटर्न रेट करीब 92 फीसदी रहा है। Dogecoin के प्रति निवेशकों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक RobinHood क्रैश हो गया था। भारत में भी सबसे बड़ा क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज WazirX भी इसी वजह से कुछ समय के लिए डाउन हो गया था।मजाक के तौर पर शुरुआत Dogecoin की शुरुआत मजाक के तौर पर हुई थी लेकिन सोशल मीडिया और मीम्स की ताकत की बदौलत आज यह दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसीज में शुमार है। Dogecoin की शुरुआत सॉफ्टवेयर इंजीनियर Billy Markus और Jackson Palmer ने 2013 में एक मजाक के रूप में की थी। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने इस साल ने Dogue मैगजीन की एक फोटो पोस्ट की थी जिसमें एक डॉग को लाल स्वेटर पहने दिखाया गया था। इससे Dogecoin की कीमत में काफी उछाल आई थी।मस्क का मिला साथ मस्क ने Dogecoin के सपोर्ट में फरवरी में कई ट्वीट किए थे। पहले ट्वीट में उन्होंने केवल Doge लिखा। फिर उन्होंने लिखा, 'Dogecoin is the people's crypto'। इससे अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'No highs, no lows, only Doge'. बस फिर क्या था, इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत उछलकर 5 सेंट जा पहुंची। मस्क के ट्वीट्स से पहले यह 3 सेंट पर ट्रेड कर रही थी। यह पहला मौका नहीं है जब मस्क के ट्वीट से Dogecoin की कीमत में तेजी आई है। इससे पहले 20 दिसंबर को भी उन्होंने One Word: Doge ट्वीट किया था और इसकी कीमत 20 फीसदी बढ़ गई थी।भारत में कैसे खरीदें Dogecoin 2018 तक भारत में क्रिप्टोकरेंसीज खरीदने और इनका ट्रेड करने की अनुमति नहीं थी। लेकिन 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने इस स्थिति को बदल दिया। तबसे भारत में क्रिप्टो इंडस्ट्री में काफी उछाल आई है और लाखों लोगों ने क्रिप्टो में निवेश किया है। क्रिप्टो खरीदना बहुत जटिल प्रक्रिया है लेकिन क्रिप्टो एक्सचेंजेज की मदद से इसे आसानी के खरीदा जा सकता है। भारत में Coinswitch Kuber, WazirX, CoinDCX जैसे एक्सचेंजेज के जरिए Dogecoin में निवेश किया जा सकता है।
Source: Navbharat Times May 06, 2021 12:14 UTC