डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संस्कारधानी में बादलों की विदाई और हल्की बूंदाबांदी के बाद अब मौसम के तेवर बदलने लगे हैं। बुधवार को दिन में तापमान में हल्की बढ़त देखी गई, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ गया। दोपहर होते ही तेज धूप ने अपना असर दिखाया और पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया। दिन में तपिश और रात में गुलाबी ठंड का असर सेहत पर भी दिख रहा है।वर्तमान में शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 15 से 18 डिग्री तक का बड़ा अंतर देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले एक हफ्ते तक आसमान साफ रहेगा और शुष्क हवाएं चलेंगी, जिससे दिन और गर्म होंगे, जबकि रातें ठंडी बनी रहेंगी। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 1 डिग्री अधिक था।वहीं न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम था। फिलहाल हवा की दिशा दक्षिणी-पूर्वी है। चिकित्सकों का कहना है कि अचानक होने वाले इस बदलाव से शरीर का एडॉप्शन मैकेनिज्म प्रभावित होता है। सुबह की ठंडी हवा श्वसन तंत्र पर असर डालती है, तो दोपहर की धूप डिहाइड्रेशन का कारण बन सकती है। जिसके चलते सर्दी-जुकाम, वायरल आैर श्वास संबंधी समस्याएं देखने मिल रही हैं।अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरतचिकित्सकों के अनुसार दमा, ब्रोंकाइटिस और एलर्जिक राइनाइटिस से पीड़ित मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके अलावा छोटे बच्चे और बुजुर्ग जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है, धूल और प्रदूषण में काम करने वाले मजदूर और सुबह जल्दी व्यायाम के लिए निकलने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
Source: Dainik Bhaskar February 26, 2026 12:49 UTC