Lakhimpur Kheri : निघासन के फुटहा फार्म में घर से उठाकर सात वर्षीय मासूम सिमरन की जान लेने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। कई दिनों से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने तेंदुए के पकड़े जाने के बाद राहत की सांस ली।बेलराया वन रेंज क्षेत्र के अंतर्गत फुटहा फार्म में लंबे समय से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं वन विभाग की कार्रवाई भी सफल मानी जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इलाके में कुल पांच पिंजरे लगाए गए थे, जिनमें बकरी को चारे के रूप में बांधा गया था। शनिवार देर रात तेंदुआ लालच में आकर एक पिंजरे में घुस गया और कैद हो गया।वन विभाग की टीम पहले से ही इलाके में सक्रिय थी और पिंजरों के आसपास कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही थी। जैसे ही तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया। ड्रोन के माध्यम से भी आसपास की स्थिति पर नजर रखी गई। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद फुटहा फार्म सहित आसपास के गांवों में राहत का माहौल है। बीते दिनों हुई दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों था। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे और बच्चों को बाहर भेजने से डरते थे।गौरतलब है कि बीते बुधवार को इसी क्षेत्र में तेंदुए ने घर में घुसकर सात वर्षीय सिमरन को उठाकर मार डाला था। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाया था। बेलराया रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया है और उसे जल्द ही आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में की जा रही है। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और अन्य संभावित खतरों को देखते हुए निगरानी जारी रखी गई है।
Source: Dainik Bhaskar March 29, 2026 07:04 UTC