BKT, Lucknow : बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र के अस्ती गांव में लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे के मामले में आखिरकार प्रशासन जाग गया और न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद विवादित धार्मिक ढांचे पर बुलडोजर चला दिया। बताया जा रहा है कि बीकेटी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अस्ती में ग्राम सभा की जमीन पर बने इस निर्माण को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया।यह वही मामला है जिसमें महीनों से आदेश जारी हो रहे थे, नोटिस दिए जा रहे थे और अदालत तक से बेदखली की मुहर लग चुकी थी।वही जब मामला तूल पकड़ने लगा और लगातार दबाव बढ़ा, तो प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई कर दी। मामले में पहले तहसीलदार और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा बेदखली के आदेश पारित किए गए थे, जिन्हें लखनऊ खंडपीठ ने भी 25 मार्च 2026 को पूर्व में जारी किए गए आदेश को बरकरार रखते हुए याचिका खारिज कर दी थी।अदालत ने साफ कहा था कि भूमि ग्राम सभा की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का निजी दावा वैध नहीं है।इसके बाद 31 मार्च 2026 को अंतिम नोटिस जारी कर कब्जाधारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समयसीमा के भीतर कब्जा न हटाने पर प्रशासन ने खुद मोर्चा संभालते हुए भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कार्रवाई की।
Source: Dainik Bhaskar April 02, 2026 08:47 UTC