नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने राजधानी सहित 16 जिलों में स्मार्ट मीटरिंग अभियान को तेज कर दिया है। कंपनी ने अब तक नौ लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए हैं, जिससे दावा किया जा रहा है कि उपभोक्ताओं का बिल 20 प्रतिशत तक सस्ता आ रहा है।भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर व चंबल संभाग के 16 जिलों के बिजली उपभोक्ताओं को आधुनिक और पारदर्शी बिजली सेवाओं से जोड़ने के लिए यह कदम उठाया गया है। तकनीक में सुधार और आर्थिक लाभ पर जोर कंपनी ने न केवल तकनीक में सुधार किया है, बल्कि उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए 'टाइम ऑफ डे' (टीओडी) टैरिफ लागू किया है। इसके तहत सोलर आवर यानी सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बिजली इस्तेमाल करने पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।यह छूट इस अवधि के दौरान उपभोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही है। भोपाल सहित 16 जिलों में तेजी से जारी है कार्य बिजली कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि उपभोक्ता परिसरों में स्मार्ट मीटर की स्थापना का कार्य तीव्रता से जारी है। भोपाल में अब तक चार लाख 84 हजार से अधिक परिसरों में स्मार्ट मीटर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र के 16 जिलों यथा अशोकनगर, बैतूल, भिण्ड, भोपाल, ग्वालियर, दतिया, गुना, हरदा, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, श्योपुर, शिवपुरी एवं विदिशा जिले में अब तक नौ लाख 18 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
Source: Dainik Jagran April 11, 2026 19:59 UTC