Pune City News: येरवड़ा जेल में मिले पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक - News Summed Up

Pune City News: येरवड़ा जेल में मिले पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक


भास्कर न्यूज, पुणे। येरवड़ा सेंट्रल जेल में एक साथ पांच मोबाइल फोन, दो पावर बैंक और चार्जिंग वायर मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ओपन जेल की सीमा दीवार के पास मोबाइल फोन मिलने के बाद अधिकारियों ने बैरक नंबर 1, 2 और 6 में विशेष तलाशी अभियान चलाया, जिसमें यह सामान बरामद हुआ।मामले में सहायक जेल अधीक्षक सुनील तुकाराम गायकवाड़ ने येरवड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर कैदी नौशाद बदुद्रीन शेख और अन्य कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामला 21 फरवरी शाम पांच से 22 फरवरी दोपहर चार से शाम साढ़े छह बजे के बीच का बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार सहायक जेल अधीक्षक गायकवाड़ ड्यूटी के दौरान सर्कल परिसर में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने बाहरी शौचालय के पीछे एक कैदी को संदिग्ध हालत में देखा। जब वे वहां पहुंचे तो नौशाद बदुद्रीन शेख ने जमीन पर पड़ा मोबाइल फोन उन्हें सौंप दिया। पूछताछ करने पर उसने टालमटोल जवाब दिए और वहां से चला गया।इसकी जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उसके बाद जेल उपमहानिरीक्षक से विशेष तलाशी अभियान की अनुमति ली गई। अनुमति मिलने के बाद 22 फरवरी शाम चार से साढ़े छह बजे के बीच विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। सबसे पहले बैरक नंबर एक में सजा काट रहे कैदी नौशाद शेख के बैग की तलाशी ली गई। इसमें एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें बैटरी और सिम कार्ड नहीं था। साथ ही चार्जिंग वायर भी बरामद हुआ।उसके बाद बैरक नंबर 1, 2 और 6 के बाहरी हिस्सों की भी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैरक नंबर एक के बाहर तीन मोबाइल फोन मिले, जिनमें बैटरी और सिम कार्ड नहीं थे। बैरक नंबर छह के बाहर से एक और मोबाइल फोन, दो पावर बैंक और चार्जिंग वायर बरामद किए गए। जेल के अंदर बिना अनुमति मोबाइल फोन, पावर बैंक और चार्जिंग वायर रखना सख्त मना है। मामले में नौशाद शेख और अन्य कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


Source: Dainik Bhaskar February 26, 2026 21:02 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */