शहर में पेयजल की सप्लाई पहले से सवालों में रही है अब मॉडल रोड के किनारे नाला निर्माण करने वाले ठेकेदार ने समस्या बढ़ा दी है। मनमानी रूप से कार्य किए जाने की वजह से आए दिन पाइपलाइन टूट रही है। समान तिराहे के पास कुछ दिन पहले तोड़ी गई पाइपलाइन की मरम्मत पूरी हुई तो पता चला कि दूसरे हिस्से में फिर से तोड़ दी गई है। अब पडऱा में पाइपलाइन तोड़ी गई है। इससे कई टंकियों को जाने वाला पानी नाली में बहता रहा।स्थानीय लोगों ने बताया कि आंशिक रूप से सप्लाई हुई है। इससे पानी की समस्या बनी हुई है। दूसरी ओर निगम प्रशासन का दावा है कि हर दिन औसत 238 लाख लीटर से अधिक पानी शहर में सप्लाई किया जा रहा है। एक ओर निगम का दावा है कि हर घर को पानी जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लगातार लोग धरना प्रदर्शन के लिए बाहर निकल रहे हैं।मरम्मत को लेकर नगर निगम के अधिकारियों ने सीएमआर कंपनी को निर्देशित किया है, लेकिन शाम तक यह कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। इसके चलते पडऱा एवं उसके आसपास के कई मोहल्लों में पेयजल की सप्लाई बाधित होगी। जबकि, समान में पाइपलाइन की मरम्मत जरूर हुई पर पर्याप्त पानी आसपास के मोहल्लों को नहीं मिल पाया।बकरीद पर पानी सप्लाई बनेगी चुनौतीजिस तरह से बीते कई दिनों से शहर के अलग-अलग मोहल्लों में दूषित और कम मात्रा में सप्लाई की शिकायतें आ रही हैं, उससे नगर निगम के सामने एक चुनौती यह भी बढ़ी है कि 29 जून को बकरीद के दिन जहां दिन में तीन बार पानी की सप्लाई करनी होगी, किस तरह से प्रबंधन होगा। शहर के अधिकांश बड़े मोहल्लों में जलसंकट कई दिनों से बना हुआ है।नगर निगम का पानी सप्लाई का दावारानीतालाब प्लांट: इस वाटर फिल्टर प्लांट से सात टंकियां भरी जाती हैं। इसमें निपनिया की टंकी 3.72 लाख लीटर, उपरहटी की 7.32 लाख लीटर, चिरहुला बड़ी में 26.89 लाख लीटर, चिरहुला छोटी में 5.34 लाख लीटर, चिरहुला हाउसिंग बोर्ड में 1.56 लाख लीटर और 0.88 लाख लीटर, धोबिया टंकी की 7.83 लाख लीटर पानी की सप्लाई हर दिन हो रही है।कुठुलिया प्लांट: इस प्लांट से 13 टंकियां भरी जाती हैं। संजयगांधी हास्पिटल की 5.89 लाख लीटर, कोठी 45.72 लाख लीटर, पडऱा 14.4, दीनदयाल हाउसिंग बोर्ड 1.38, पद्मधर कालोनी हाउसिंग बोर्ड 5.21, शांतिविहार 1.29, विंध्य विहार 4.98, पीटीएस 8.38, समान 18.88, कुठुलिया न्यू 5.98, रतहरा न्यू 4.49, ट्रांसपोर्ट नगर 6.24, इंदिरानगर 4.37 लाख लीटर पानी की सप्लाई हो रही है।विश्वविद्यालय प्लांट: तुलसी नगर 9.39 लाख लीटर, सिविल लाइन 14.52 लाख लीटर, अनंतपुर 16.44 लाख लीटर, सुंदरनगर 13.61 लाख लीटर की सप्लाई की जा रही है।शहर के सभी हिस्सों में पानी की सप्लाई हो रही है। कुछ जगहों पर निर्माण एवं अन्य कार्यों की वजह से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सप्लाई प्रभावित हुई है। इस पर भी व्यवस्था बनाई जा रही है।एसएन द्विवेदी, पेयजल शाखा प्रभारी
Source: Dainik Bhaskar June 27, 2023 10:10 UTC