डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत पर लगा रेसिप्रोकल टैरिफ घटाने की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर इसकी जानकारी दी। अब अमेरिका में निर्यात किए जाने वाले सामानों पर केवल 18 फीसदी टैरिफ लगेगा। ट्रंप ने कहा कि यूनाइटेड स्टेट्स कम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएगा, इसे 25% से घटाकर 18% कर देगा।इसके पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री मोदी और डोनल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। हालांकि तब सर्जियो गोर ने इस संबंध में किसी भी तरह की अतिरिक्त जानकारी नहीं दी थी। लेकिन इस पोस्ट की भाषा बता रही थी कि सर्जियो और अमेरिका किसी बात को लेकर बेहद उत्साहित हैं। अब ट्रंप के पोस्ट से सब कुछ स्पष्ट हो गया है।ट्रंप ने खुद दी जानकारी ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, 'आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई मुद्दों पर बात की, जिसमें ट्रेड, और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म करना शामिल है। वह रूसी तेल खरीदना बंद करने और यूनाइटेड स्टेट्स और वेनेजुएला से बहुत ज्यादा खरीदने पर सहमत हुए।'ट्रंप ने आगे लिखा, 'इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ़्ते हज़ारों लोग मर रहे हैं! प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से हम यूनाइटेड स्टेट्स और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमत हुए, जिसके तहत यूनाइटेड स्टेट्स कम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएगा, इसे 25% से घटाकर 18% कर देगा। वे भी इसी तरह यूनाइटेड स्टेट्स के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर को घटाकर जीरो कर देंगे।'
Source: Dainik Jagran February 02, 2026 23:34 UTC