संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। फिल्म शोले में जिस तरह से प्रेमिका से विवाह के लिए हामी भरवाने के लिए वीरू पानी की टंकी पर चढ़ा था, उसी तरह के ड्रामा का चलन बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला अंबेडकरनगर में भीटी अहिरौली के विकवाजीतपुर भगोला गांव से गुजरे लखनऊ-बलिया ट्रांसमिशन लाइन टावर (ग्रिल खंभा) पर युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद कर चढ़ गया। इस प्रकरण का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। शादी करने का आश्वासन देने पर वह नीचे उतरा। खंभे से उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। भगोला गांव के इंद्रजीत तथा बगल के ही एक गांव की युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा है। गत दिनों दोनों ने भागकर किसी मंदिर में शादी भी कर ली थी।इसके बाद वापस घर आए तो युवती को लेकर उसके स्वजन अपने घर चले गए। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत भी होती रही। स्वजन ने सोमवार को शादी तय करने का समय भी निश्चित कर रखा है। इसकी जानकारी प्रेमी व युवती को भी थी। दो दिन दोनों के बीच बात नहीं हो सकी। इससे युवक को शक हुआ कि दोनों की शादी नहीं होगी।
Source: Dainik Jagran April 09, 2026 19:40 UTC