जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के केंदुझर जिले में वन विभाग की टीम ने सूझबूझ और वैज्ञानिक तरीके का इस्तेमाल कर एक हाथी को 30 फीट गहरे कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस अनोखे रेस्क्यू ऑपरेशन की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है और इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, हाथी रात के समय जंगल के पास बने एक कुएं के पास पहुंच गया था। अंधेरे में संतुलन बिगड़ने के कारण वह फिसलकर करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गया। सुबह ग्रामीणों ने कुएं के अंदर हाथी को फंसा देखा तो तुरंत वन विभाग को सूचना दी।बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुएं की गहराई और संकरी जगह के कारण हाथी को सीधे बाहर निकालना संभव नहीं था। ऐसे में अधिकारियों ने वैज्ञानिक तरीका अपनाते हुए आर्किमिडीज के सिद्धांत का सहारा लिया।रेस्क्यू टीम ने दो बड़े पाइपों की मदद से कुएं में लगातार पानी भरना शुरू किया, ताकि पानी का स्तर बढ़ने के साथ-साथ हाथी भी ऊपर उठ सके। इस दौरान हाथी शांत खड़ा रहा और बचाव दल के प्रयासों का इंतजार करता रहा। धीरे-धीरे पानी का स्तर बढ़कर कुएं के मुहाने तक पहुंच गया और हाथी पानी के सहारे ऊपर आ गया।कुएं से बाहर आने के बाद जंगल की ओर गया इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से हाथी को हल्का सा रास्ता दिखाया गया, ताकि वह सुरक्षित बाहर निकल सके। थोड़ी ही देर में हाथी कुएं से बाहर आ गया और सीधे जंगल की ओर चला गया।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो वन विभाग के इस अनोखे और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग वन अधिकारियों की सूझबूझ, धैर्य और वैज्ञानिक सोच की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो हाथी की जान भी जा सकती थी।
Source: Dainik Jagran March 07, 2026 12:56 UTC