जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : वसंत विहार थाना पुलिस ने हत्या की साजिश रच रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर भी फायरिग की। पुलिस टीम ने उनसे तमंचे और एक पिस्तौल भी बरामद किया है। आरोपितों की पहचान कुसुमपुर पहाड़ी के रहने वाले किशोर, कमल, राहुल और अजय के रूप में हुई है।दक्षिण-पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि वसंत विहार पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि चार आरोपित एक स्थान पर बैठकर हत्या की साजिश रच रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश डालने पर सभी आरोपित अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इस दौरान आरोपित कमल और किशोर ने पीछा कर रहे उप निरीक्षक अशोक, सिपाही संपत, मुकेश और रामकिशन पर अपने तमंचे से फायरिग भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा राहुल और अजय को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कुसुमपुर पहाड़ी निवासी उनके प्रतिद्वंदी किशन ने साल 2018 में उनके एक साथी की हत्या कर दी थी। इस मामले में किशन कुछ दिन पहले ही जेल से पैरोल पर छूटकर आया है इसलिए सभी आरोपित उसकी हत्या की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे। आरोपितों ने बताया कि वह मेरठ के किसी व्यक्ति से हथियार लाए हैं। अब पुलिस आरोपितों की निशानदेही पर हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह की तलाश कर रही है।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran December 24, 2020 14:25 UTC