राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में गुरुवार देर शाम तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। खराब मौसम के चलते 14 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को भी डायवर्ट किया गया। सबसे ज्यादा 9 फ्लाइट जयपुर के लिए डायवर्ट की गईं। कोहरे और कम दृश्यता की वजह से देश के अलग अलग स्टेशनों से दिल्ली आने वालीं 16 ट्रेनें करीब 6 घंटे की देरी से चल रही हैं।मौसम विभाग के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे तक औसत बारिश 3.2 मिमी दर्ज की गई। जफरपुर में 9.0 मिमी, आयानगर में 4.0 मिमी, लोधी रोड में 3.8 मिमी और पालम में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के हिसाब से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह कोहरा छाए रहने और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द रहने का अनुमान जताया है।
Source: Dainik Bhaskar February 07, 2019 15:55 UTC