चंडीगढ़, पांच फरवरी (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के मकसद से मंगलवार को एक उच्चस्तरीय समिति की गठित करने की घोषणा की ताकि किसनों की आय बढ़ाई जा सके। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से समिति की स्थापना की औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। समिति में राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष, निदेशक पशुपालन, निदेशक डेयरी विकास और गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (गडवासु) के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बयान में कहा गया है कि यह सहयोगी स्रोतों से किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि के विविधीकरण को बढ़ावा देने के उपायों का सुझाव देगा।
Source: Navbharat Times February 05, 2019 15:45 UTC