भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। ऑनलाइन शेयर मार्केट निवेश का झांसा देकर 61 लाख 9 हजार रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में संत तुकाराम नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 3 जून 2025 से 2 नवंबर 2025 के दौरान चिंचवड स्थित एम्पायर स्क्वेयर ई–402 में रहने वाले 53 वर्षीय पुरुष शिकायतकर्ता के साथ ऑनलाइन माध्यम से घटित हुई। इस मामले में प्योर प्रॉफिट शेयर मार्केट कंपनी के निदेशक ज्योति, पूजा, निकेत शहा, पियूष अग्रवाल, और सी5 इंडेक्स हंटर ग्रुप के करण सिंह, आलोक, तथा विभिन्न बैंक खाताधारकों को आरोपी बनाया गया है।पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता को आरोपियों ने कैपिटल मोंक नामक ऐप के माध्यम से शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने इस ऐप में 34 लाख 89 हजार रुपये का निवेश किया। इसके बाद न तो मूल राशि लौटाई गई और न ही वादा किया गया लाभ दिया गया।इसके अलावा, सी5 इंडेक्स हंटर नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए करण सिंह और आलोक ने शिकायतकर्ता को अलग ऐप पर शेयर और आईपीओ में निवेश के लिए उकसाया। इस माध्यम से शिकायतकर्ता से 26 लाख 20 हजार रुपये और निवेश कराए गए। इस रकम की भी न तो वापसी हुई और न ही कोई लाभ मिला। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 61 लाख 9 हजार रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी की।
Source: Dainik Bhaskar December 31, 2025 13:36 UTC